मधुबनी में दो दिवसीय मिथिला महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को वाटसन उच्च विद्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने केक काटकर और गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शानदार आगाज किया।
सांस्कृतिक विरासत का दिखा अद्भुत संगम
महोत्सव में मिथिला की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और स्थानीय कला को प्रदर्शित किया गया।
विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आपूर्ति, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, परिवहन, आपदा प्रबंधन सहित कई विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास निगम के स्टॉल पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘सखी योजना’ और ‘181 हेल्पलाइन’ जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
आपदा प्रबंधन स्टॉल का उद्घाटन
आपदा प्रबंधन विभाग के स्टॉल का उद्घाटन भी इस अवसर पर किया गया। यहां एसडीआरएफ टीम द्वारा आपदा से बचाव, सीपीआर तकनीक और आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। आगंतुकों को जागरूक करने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए।
छात्रों ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मैथिली लोकगीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। शिवगंगा बालिका विद्यालय, पोल स्टार स्कूल और अन्य संस्थानों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया।
सैंड आर्ट और कला प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
महोत्सव में सैंड आर्ट और मिथिला चित्रकला का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। यह आयोजन स्थानीय कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर डीडीसी सुमन प्रसाद साह, प्रशिक्षु आईएएस विरूपक्ष विक्रम सिंह, नगर आयुक्त उमेश भारती, एडीएम मुकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लोगों को दी गई शुभकामनाएं
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मिथिला महोत्सव के अवसर पर सभी मिथिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा तथा लोगों को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा।





