समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग गांव से एक नवविवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के पति ने आरोप लगाया है कि उसकी गर्भवती पत्नी शनिवार देर रात घर से चली गई। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि घर में रखे करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 40 हजार रुपये नगद भी गायब हैं। मामले को लेकर पति ने मुसरीघरारी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।’
पुलिस को दिए आवेदन में बखरी बुजुर्ग निवासी रणधीर कुमार, पिता परमेश्वर राय, ने बताया कि उनका विवाह 13 मई 2026 को सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी मनीषा कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद पत्नी की विदाई कराकर वह उसे अपने घर ले आए थे।’
आवेदन में रणधीर कुमार ने दावा किया है कि शादी के बाद से ही पत्नी के मोबाइल पर लगातार होने वाली बातचीत को लेकर उन्हें संदेह था। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती है। उनके अनुसार शनिवार देर रात वह घर से निकल गई और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पति ने आवेदन में आशंका व्यक्त की है कि किसी व्यक्ति ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो। साथ ही पत्नी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताते हुए किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की है।
मुसरीघरारी थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विवाहिता का पता लगाने का प्रयास कर रही है।




