खड़गपुर, बेगूसराय : हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ रमनकाबाद स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के पाँचवे सेमेस्टर के एक छात्र की झील में नहाते समय डू’बकर मौ’त हो गई। मृ’तक की पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी मनोज राय के 18 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई। वह राजकीय पॉलिटेक्निक खगड़िया में फिफ्थ सेमेस्टर का छात्र था।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पंचम सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त होने के बाद विशाल अपने करीब दस साथियों के साथ हवेली खड़गपुर झील घूमने पहुँचा था। झील के मुख्य फाटक के पास सभी छात्र नहाने लगे। इसी दौरान तैरते हुए अचानक विशाल की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बैलेंस खोकर झील के गहरे हिस्से में चला गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
छात्रों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर — समदा गांव के बिना बिन्द, पवन कुमार बिन्द और अनिल कुमार बिन्द — मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने विशाल को पानी से बाहर निकाल लिया।
अस्पताल में मृ’त घोषित
अवस्थिति गंभीर होने के कारण उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर लाया गया। वहाँ तैनात चिकित्सक डॉ. अनुज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद सूचना के बाद झील के आसपास और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार दलबल के साथ स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने झील क्षेत्र का निरीक्षण किया और श’व को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु मुंगेर भेजने की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।
दोस्तों और परिजनों में मातम
घटना के बाद साथ आए छात्र रो-रोकर बेहाल हैं। कुछ छात्रों ने बताया कि विशाल अच्छी तैराकी नहीं जानता था, लेकिन दोस्तों के साथ उत्साह में वह पानी में उतर गया। कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य को घटना की सूचना दे दी गई है।
उधर, अमरपुर गांव में विशाल की मौ’त की खबर पहुंचते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बार-बार यही कह रहे हैं कि परीक्षा के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहा लड़का अचानक यूँ हमेशा के लिए चला जाएगा, किसी ने सोचा भी नहीं था।
इलाके में चर्चा, सुरक्षा पर उठे सवाल
हवेली खड़गपुर झील में हर वर्ष नहाने के दौरान ऐसे हा’दसे सामने आते रहते हैं। स्थानीय लोग झील की गहराई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रों और पर्यटकों को चेतावनी देने के लिए पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
इस दर्दनाक घटना ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।




