पटना : होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, पटना द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण की तैयारियों की विस्तृत अनुमंडलवार समीक्षा की गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति समिति की बैठकें समय पर आयोजित की जाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों तथा समुदाय के प्रमुख लोगों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। इसके साथ ही ड्रोन कैमरा, वीडियोग्राफी और सीसीटीवी के माध्यम से प्रमुख स्थानों की निगरानी करने को कहा गया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह का तुरंत खंडन किया जाएगा। साथ ही, होली के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। आवश्यकता पड़ने पर 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0612-2219810 या 0612-2219234 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त डायल-112 पर भी सूचना दी जा सकती है। जिला स्तर से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी, पटना द्वारा होली के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु तैयारियों की अनुमंडलवार समीक्षा की गई। पदाधिकारियों को हरेक स्तर पर शांति समिति की ससमय बैठक आयोजित करने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं… pic.twitter.com/K2zhhW8oLd
— District Administration Patna (@dm_patna) February 25, 2026





