पटना : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का चौथा दिन राजनीतिक और विधायी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सदन में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी (अनुपूरक बजट) प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, नीट पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और सूखे की स्थिति जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।’
सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें शिक्षा और सहकारिता विभाग से जुड़े सवालों का सरकार जवाब देगी। इसके बाद वित्त मंत्री द्वितीय अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही ‘बिहार विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2026’ भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे अनुपूरक बजट के प्रस्तावित व्यय को वैधानिक स्वीकृति मिल सके।
विपक्ष ने नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को प्रमुख मुद्दा बनाया है। माना जा रहा है कि इन विषयों पर सरकार से जवाब मांगते हुए विपक्ष सदन में जोरदार विरोध दर्ज करा सकता है। ऐसे में चौथे दिन की कार्यवाही के दौरान हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले मानसून सत्र के तीसरे दिन सरकार ने विधानसभा से 13 विधेयक पारित कराए थे। पहले तीन दिनों में कुल 20 विधेयकों को सदन की मंजूरी मिल चुकी है। इनमें बिहार अपराध नियंत्रण (संशोधन) विधेयक तथा बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय विधेयक भी शामिल हैं।
उधर, राज्य में कम वर्षा और सूखे जैसी स्थिति को लेकर भी चर्चा तेज है। सरकार ने किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने, जिलाधिकारियों से स्थिति की रिपोर्ट मंगाने और आवश्यकता पड़ने पर डीजल अनुदान देने की तैयारी का संकेत दिया है।
राजनीतिक टकराव और महत्वपूर्ण वित्तीय प्रस्तावों के कारण आज का विधानसभा सत्र पूरे राज्य की नजरों में बना हुआ है।




