बिहार: 28 वर्षीय शिक्षिका और 60 वर्षीय स्कूल संचालक की नेपाल में शादी

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई क्षेत्र से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने उम्र, मजहब और सामाजिक परंपराओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक निजी स्कूल के 60 वर्षीय संचालक राकेश शाह ने अपने ही विद्यालय की 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन के साथ घर से भागकर नेपाल में शादी कर ली। दोनों की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, राकेश शाह औराई में एक प्राइवेट स्कूल संचालित करते हैं, जहां शाइस्ता परवीन शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम में बदल गया। बीते 18 फरवरी को दोनों अचानक लापता हो गए। परिजनों द्वारा खोजबीन के बीच यह जानकारी सामने आई कि दोनों नेपाल चले गए, जहां एक मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर विवाह कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शाइस्ता परवीन ने खुद सामने आकर कहा है कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। वीडियो में वह खुश नजर आ रही हैं और उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी ने अगवा नहीं किया है। उन्होंने अपील की है कि उनके पति और उनके परिवार को परेशान न किया जाए। शाइस्ता का कहना है कि वह अपनी नई जिंदगी से संतुष्ट हैं।
हालांकि, इस मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब शाइस्ता के भाई ने औराई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि राकेश शाह, जो पहले से शादीशुदा हैं और चार बच्चों के पिता बताए जा रहे हैं, ने उनकी बहन को बहला-फुसलाकर अगवा किया है। शिकायत में राकेश की पत्नी और बेटी समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। परिजनों ने धर्म परिवर्तन की साजिश का भी आरोप लगाया है।
मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है। स्कूल संचालक के घर और स्कूल पर फिलहाल ताला लटका हुआ है।
औराई थानाध्यक्ष राजा सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दे रहा है।




