
समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 18 फरवरी तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक पछिया हवा 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जबकि दोपहर में यह घटकर 30 से 35 प्रतिशत तक आ सकती है। तापमान में हल्की गिरावट के कारण सुबह और देर शाम ठंड का असर महसूस किया जा सकता है।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि समय पर बोई गई गेहूं की फसल यदि ‘जी गामा’ अवस्था में पहुंच गई है, तो उसकी सिंचाई अवश्य करें। साथ ही 30 किलोग्राम नाइट्रोजन प्रति हेक्टेयर की दर से टॉप ड्रेसिंग (उर्वरक का छिड़काव) करने की अनुशंसा की गई है, ताकि फसल की बढ़वार बेहतर हो सके।
मौसम सामान्य रहने की संभावना के बीच किसानों को नियमित रूप से फसल की निगरानी करने और आवश्यक कृषि प्रबंधन उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।




