शिवाजीनगर, समस्तीपुर : 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरण तथा समाज के बच्चों को गलत रास्ते पर जाने से रोकने को लेकर होने वाला सामाजिक संवाद कार्यक्रम अब 4 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पहले 31 जनवरी को उच्च विद्यालय शिवाजीनगर में प्रस्तावित था, लेकिन विभागीय कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। नई तिथि पर यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे उच्च विद्यालय शिवाजीनगर, समस्तीपुर में आयोजित होगा।
डॉ. कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “सामाजिक विकास में युवाओं की भूमिका” रखा गया है। आयोजकों ने शिवाजीनगर प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया और सरपंच महोदयों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर युवाओं का मार्गदर्शन करने की अपील की है। साथ ही निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों से भी अनिवार्य रूप से शामिल होने का आग्रह किया गया है। संस्था के सभी सदस्य भी सादर आमंत्रित हैं।
निबंध प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में शिवाजीनगर प्रखंड के 13 विद्यालयों के बीच किया गया था, जिसमें कुल 68 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय “सामाजिक कार्यों में युवाओं की भूमिका” था। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिवाजीनगर, पूर्व बीआरपी सह फाउंडेशन अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह, सक्रिय सदस्य अभिषेक राज, राजन कुमार, सुरेश कुमार सिंह सहित अन्य सहयोगी सदस्य उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय रैहर दक्षिण, शंकरपुर, मथुरापुर, भटोरा, दशावत, रजौर रामभद्रपुर, रहतौली, जंदाहा, गांधी स्मारक विद्यालय बल्लीपुर, हाई स्कूल श्रीपुरा मजरैया, उत्क्रमित हाई स्कूल परसा, करियर एवं अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने समाज में युवाओं की भूमिका, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रभावशाली विचार रखे।
फाउंडेशन के संस्थापक ललित कुमार सिंह (बिहार प्रशासनिक सेवा) ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना और समाज निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 फरवरी को होने वाला पुरस्कार वितरण एवं संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।




