लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस और जेल विभाग की भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य में होने वाली पुलिस और जेल विभाग की कुल 32,679 पदों की भर्ती में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का फैसला किया गया है।
हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
यह छूट आरक्षी, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल, महिला बटालियन और जेल वार्डर जैसे पदों पर लागू होगी। सरकार के अनुसार यह निर्णय उन अभ्यर्थियों के हित में लिया गया है जो विभिन्न कारणों से पिछले वर्षों में आयु सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके थे।
सरकार का कहना है कि यह कदम युवाओं को अधिक अवसर देने और रोजगार के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक समावेशी बनेगी।
गूगल न्यूज़ पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
गृह विभाग के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसमें पात्रता, चयन प्रक्रिया और आवेदन की समय-सीमा की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और यह निर्णय उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों युवाओं में खुशी का माहौल है और वे लंबे समय से इस तरह की राहत की मांग कर रहे थे।




