समस्तीपुर जिले में रेल सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार की शाम समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर रेल खंड पर राजधानी एक्सप्रेस पर असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के B-5 कोच का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
घटना समस्तीपुर और कर्पूरीग्राम स्टेशन के बीच उस समय हुई, जब राजधानी एक्सप्रेस समस्तीपुर स्टेशन से खुलने के कुछ ही मिनट बाद आगे बढ़ रही थी। अचानक बाहर से पत्थर फेंके गए, जिससे एक कोच की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया। यात्री घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी।
यात्रियों की शिकायत के बाद जब ट्रेन मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची, तो वहां रेलवे स्टाफ ने टूटे शीशे की मरम्मत कराई। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इस घटना से ट्रेन परिचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ गई।
इस मामले में आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसके साथ और कौन लोग शामिल थे।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया है। इन घटनाओं से रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




