समस्तीपुर : आगामी 24 जनवरी को आयोजित होने वाले जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती राजकीय समारोह एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा द्वारा गत वर्ष की बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर इस वर्ष की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। डीएम ने बताया कि 24 जनवरी को पूर्वाह्न 8 बजे नगर भवन के पास स्थित भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर सर्वप्रथम माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात कर्पूरी ग्राम स्थित महाविद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं स्मृति भवन में श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। अन्य सभी कार्यक्रम गत वर्षों की भांति विधिवत आयोजित किए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के सभी चौक-चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम को सभी प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं परिसर की व्यवस्था समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकियों की तैयारी के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जो झांकियों की गुणवत्ता, विषयवस्तु और समयबद्धता सुनिश्चित करेगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समारोहों को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सह उप विकास आयुक्त राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



