समस्तीपुर समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूर क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
सुनवाई के दौरान डीएम ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। प्राप्त आवेदनों में राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े मामले प्रमुख रहे, जिनमें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज में देरी और मापी संबंधी शिकायतें शामिल थीं। सामाजिक कल्याण विभाग से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान में देरी तथा दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की मांग भी उठी।
आपूर्ति विभाग से राशन कार्ड की गड़बड़ियों और खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की शिकायतें सामने आईं। वहीं परिवहन और विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर भी नागरिकों ने अपनी बात रखी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और प्रत्येक मामले की मॉनिटरिंग कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एकराम सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार जैसे आयोजन प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाते हैं तथा पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम ने लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत किया।




