समस्तीपुर : जिले के ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वार्ड 15 स्थित भेरोखरा काली पोखर के पास तेज गति से गुजर रही एक ऑल्टो कार ने 10 से 12 लोगों को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बहेलिया टोला वार्ड 7 के लोग कारीगर बाबा की पूजा के सिलसिले में काली पोखर पर एकत्रित हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत ताजपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार चालक नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने कार को पकड़कर पास स्थित पोखर में धक्का दे दिया। इससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




