समस्तीपुर : समस्तीपुर रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए दोनों विचाराधीन बंदियों ने पुलिस की लगातार दबिश के बाद मंगलवार को एक्साइज-2 कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद आरपीएफ अधिकारियों ने राहत की सांस ली और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की गश्ती टीम ने समस्तीपुर स्टेशन के वाशिंग पिट के समीप से 191 बोतल शराब के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया था। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया के दौरान दोनों आरोपियों को आरपीएफ पोस्ट के एक कमरे में रखा गया था। इसी बीच उन्होंने कमरे की छत का एस्बेस्टस हटाकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली थी।
घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाही के आरोप में एक आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर समेत चार कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। पुलिस की लगातार दबिश और तलाश अभियान के बीच पेठियागाछी निवासी अर्जुन कुमार तथा दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर निवासी सौरभ कुमार सुमन ने मंगलवार को एक्साइज-2 कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
अब दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




