उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इमलिया उर्फ विजहरा में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। नवविवाहित महिला पर अपनी तीन साल की सौतेली बेटी की ह’त्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता त्रिवेणी मौर्य की पहली पत्नी का कुछ समय पहले निधन हो गया था। पहली पत्नी से उनकी तीन वर्षीय बेटी अदिति थी। बच्ची की देखभाल और घर संभालने के उद्देश्य से उन्होंने 25 जनवरी 2026 को सहजनवां क्षेत्र की एक महिला से दूसरी शादी की थी। शादी को अभी लगभग एक महीना ही हुआ था कि यह द’र्दनाक घटना घटित हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब 12 बजे महिला ने बच्ची को तेल और सिंदूर लगाकर तैयार किया और घर के अंदर बने देवस्थान पर ले गई। आरोप है कि वहां उसने कुल्हाड़ी से बच्ची का गला का’ट दिया। कुछ ग्रामीण इस घटना को अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के समय बच्ची के पिता घर के बाहर सो रहे थे। घर के अंदर से कुछ हलचल की आवाज आने पर उन्हें संदेह हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो बच्ची लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी महिला भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और क्षेत्राधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची के श’व को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ह’त्या के पीछे की असली वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




