
मोतिहारी : जिले के छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईटेक तरीके से संचालित एक संगठित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी नंदलाल सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह व्हाट्सएप के जरिए महिलाओं की तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से संपर्क करता था और क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान लेता था।
जानकारी के मुताबिक, छतौनी क्षेत्र के बरियारपुर में देह व्यापार चलने की गुप्त सूचना एएसपी हेमंत सिंह को मिली थी। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य सरगना नंदलाल को पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से चार महिलाओं को हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहा था। ग्राहकों से संपर्क स्थापित करने के लिए व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। सौदा तय होने के बाद भुगतान के लिए क्यूआर कोड साझा किया जाता था, जिससे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ली जाती थी। इसके बाद महिलाओं को अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था, ताकि एक ही जगह पर गतिविधि केंद्रित न हो और पुलिस की नजर से बचा जा सके।
छापेमारी टीम में प्रशिक्षण डीएसपी कुमारी प्रियंका, पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पासवान, अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत, महिला दारोगा तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि एक सिपाही को ग्राहक बनाकर नंदलाल से संपर्क कराया गया। सौदा तय होने के बाद मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गिरोह पिछले सात से आठ महीनों से सक्रिय था। आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों, विशेषकर दिल्ली से भी महिलाओं को बुलाया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों के ठिकानों से मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने एक टीवी कार्यक्रम से प्रेरित होकर इस तरह का नेटवर्क तैयार किया था, ताकि गतिविधियों को बिखरे हुए तरीके से संचालित कर कानून से बचा जा सके।
गौरतलब है कि छतौनी क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर देह व्यापार से जुड़े दूसरे गिरोह पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की गहन जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





