समस्तीपुर : जिले के ख्यातिप्राप्त एवं वरिष्ठ अधिवक्ता परमेश्वर सिंह का निधन समस्तीपुर शहर के काशीपुर मुहल्ला स्थित उनके आवास पर हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
स्वर्गीय परमेश्वर सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सिंधिया प्रखंड के मिल्कि ग्राम में पूरे सम्मान के साथ किया गया। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र ने दी। अंतिम संस्कार में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जो उनकी लोकप्रियता और सामाजिक सम्मान को दर्शाता है।
परमेश्वर सिंह समस्तीपुर जिला न्यायालय में आपराधिक मामलों के प्रख्यात अधिवक्ता के रूप में जाने जाते थे। वे अपनी सशक्त पैरवी, गहन विधिक ज्ञान और निर्भीक तर्कशक्ति के लिए विख्यात थे। आम लोगों में यह धारणा थी कि जिस मुकदमे की पैरवी वे स्वीकार कर लेते थे, उसमें सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती थी। वे खासकर गरीबों और पीड़ितों की निःस्वार्थ मदद के लिए जाने जाते थे, जिसके कारण उन्हें “गरीबों का मसीहा” भी कहा जाता था।
उनके निधन की सूचना रोसड़ा और समस्तीपुर मंडल कारा तक पहुंची, जहां बंदियों के बीच भी शोक का माहौल देखा गया। कई लोगों ने बताया कि वे जरूरतमंदों की कानूनी सहायता में हमेशा आगे रहते थे और मानवीय दृष्टिकोण से मामलों को देखते थे।
स्वर्गीय सिंह अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी उनके परिवार की मजबूत पहचान रही है। सिंधिया प्रखंड की हरदिया पंचायत में सामान्य सीट रहने के दौरान उनके परिजन लोकप्रिय मुखिया चुने जाते रहे हैं।
शोक व्यक्त करने वालों में उप प्रमुख रिंकू सिंह, लोजपा नेता निरंजन सिंह, कौशल सिंह, पूर्व उप प्रमुख रौशन सिंह, प्रखंड प्रमुख बिरजू साह, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह, चंदन कुमार सिंह, पूर्व मुखिया अरविंद सिंह, शिक्षक संघ नेता राजेश कुमार राजू, पूर्व मंत्री अशोक कुमार, भाजपा नेता कुंदन कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।




