
कल्याणपुर, समस्तीपुर : कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा वॉटरवेज तटबंध के निकट से अपहृत दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों युवकों की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा निवासी विजय ठाकुर के पुत्र संजीव कुमार ठाकुर ने थाना में आवेदन देकर अपने 16 वर्षीय पुत्र लकी कुमार के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर लकी कुमार गांव में आयोजित मेला देखने गया था। मेला समाप्त होने के बाद वह अपने साथी लदौरा निवासी रामसेवक चौधरी के पुत्र आशुतोष कुमार के साथ मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था।
परिजनों के अनुसार, करीब 11 बजे दिन में जब दोनों युवक अपने घर के सामने वॉटरवेज तटबंध के समीप पहुंचे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया और अपहरण कर लिया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया।
तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को सुराग मिला कि अपहृत युवकों को मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजावलपुर गांव के आसपास रखा गया है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की। पुलिस को आते देख बदमाश दोनों युवकों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों का फर्द बयान दर्ज कराया और मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर कोर्ट भेज दिया।
इंस्पेक्टर सह कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि अपहरणकर्ताओं की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।





