समस्तीपुरसमाचार

समस्तीपुर में होली शांति हेतु प्रशासन के कड़े निर्देश

जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह ने संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा, शराबबंदी, सोशल मीडिया निगरानी और शांति समिति बैठकों के निर्देश दिए।

आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह ने की। इस दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि होली जैसे बड़े पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जिले के सभी चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष गश्ती दलों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थिति की निगरानी करें और किसी भी संभावित विवाद को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित करें।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा। होली के दौरान शराब की तस्करी या सेवन की किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें  सोनू सूद की 'फतेह' में ग्रैमी-नामांकित संगीतकार लॉयर कोटलर का योगदान

सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और अफवाहों को रोकने के लिए जिला स्तर पर आईटी सेल को सक्रिय रखने का निर्णय लिया गया है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या उकसाने वाली पोस्ट करने वालों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

यह भी पढ़ें  भाकपा (माले) ने पोलो मैदान से निकाला जनसंवाद यात्रा

त्योहार के दौरान आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में चिकित्सकों की टीम, एम्बुलेंस सेवाएं तथा बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

यह भी पढ़ें  छात्रवृत्ति योजना मॉनिटरिंग हेतु 1 करोड़ स्वीकृत, मिलेंगे लैपटॉप -मंत्री हरि सहनी

बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीओ और बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि होली को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। हुड़दंग या कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सच के साथ खड़े हों — स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें। Gaam Ghar

Donate via UPI

UPI ID: 7903898006@sbi

Gaam Ghar Desk

गाम घर डेस्क के साथ भारत और दुनिया भर से नवीनतम ब्रेकिंग न्यूज़ और विकास पर नज़र रखें। राजनीति, एंटरटेनमेंट और नीतियों से लेकर अर्थव्यवस्था और पर्यावरण तक, स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय घटनाओं और वैश्विक मामलों तक, हमने आपको कवर किया है। Follow the latest breaking news and developments from India and around the world with 'Gaam Ghar' news desk. From politics , entertainment and policies to the economy and the environment, from local issues to national events and global affairs, we've got you covered.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button