
दरभंगा : अलीनगर सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के परिवार से जुड़ा एक चोरी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उनकी मां भारती ठाकुर के हीरे जड़ित गहने और एक कीमती घड़ी अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। घटना दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापट्टी गांव में हुई।
बैठक के दौरान हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मधुबनी जिले के बेनीपट्टी निवासी विधायक मैथिली ठाकुर एक फरवरी की रात अपनी मां के साथ लालापट्टी गांव में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। बैठक के दौरान भारती ठाकुर ने अपना पर्स गाड़ी में ही छोड़ दिया था। इसी बीच अज्ञात चोरों ने गाड़ी में रखे पर्स से हीरे जड़ित कान का स्टड और एक महंगी घड़ी चोरी कर ली।
जब बैठक समाप्त होने के बाद पर्स की जांच की गई, तब कीमती सामान गायब मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों में चिंता फैल गई और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई।
11 फरवरी को दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के संबंध में भारती ठाकुर ने 11 फरवरी को घनश्यामपुर थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 54/26 दर्ज किया है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसआई अश्विनी कुमार को सौंपी गई है। पुलिस टीम घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
इलाके में चर्चा तेज
इस घटना के बाद लालापट्टी गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों और बैठकों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने भरोसा दिलाया है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।




