अनोखा प्रेम प्रसंग : बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्नी से प्रेम संबंध के बाद मंदिर में शादी कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है।
आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए दोनों
मामला उस समय तूल पकड़ गया जब गुरुवार देर रात युवक अपनी दोस्त की पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचा। घरवालों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, जिसके बाद गांव में हंगामा शुरू हो गया।
रातभर चली पंचायत
घटना के बाद गांव में रातभर पंचायत बैठी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में मामले को सुलझाने की कोशिश की गई। बताया गया कि इस दौरान युवक के साथ मारपीट भी हुई, जिसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिनारा में इलाज के लिए ले जाया गया।
प्रेम कहानी की शुरुआत दिल्ली से
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2021 में नटवार थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी दिल्ली में रहने लगे, जहां पति का दोस्त भी रहता था। इसी दौरान दोस्त और महिला के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया।
पति को लगी भनक, गांव पहुंचा मामला
कुछ समय बाद महिला का पति काम के सिलसिले में गुजरात चला गया, जबकि महिला अपने मायके आ गई। इसी दौरान युवक दिल्ली से महिला से मिलने गांव पहुंचा। जब इस बात की जानकारी पति को मिली, तो वह भी तुरंत गांव पहुंच गया और दोनों को साथ पकड़ लिया।
मंदिर में हुई शादी, पति बना गवाह
पंचायत के बाद मामला सुलझाने के लिए दोनों प्रेमी युगल ने दिनारा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शादी कर ली। इस दौरान दुर्गा देवी को साक्षी मानकर दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। हैरानी की बात यह रही कि महिला का पति भी इस शादी में मौजूद रहा और गवाह बना।
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों के बीच इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं पंचायत के जरिए मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की गई है।




