समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में सरसों की आपूर्ति के नाम पर एक कारोबारी से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन व्यापार का झांसा देकर पीड़ित से 3 लाख 8 हजार 499 रुपये विभिन्न खातों और यूपीआई आईडी में जमा करा लिए। शिकायत मिलने के बाद हसनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिरौना सिही टोला निवासी मोहन कुमार ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) का संचालन करते हैं, जबकि उनकी पत्नी खाद्य तेल उत्पादन से जुड़ा लघु उद्योग चलाती हैं। व्यवसाय के लिए सरसों खरीदने के दौरान उनकी ऑनलाइन माध्यम से एक व्यक्ति से बातचीत हुई। आरोपी ने 25 क्विंटल सरसों आकर्षक कीमत पर उपलब्ध कराने का भरोसा देकर सौदा तय किया।
इसके बाद आरोपी ने सरसों की आपूर्ति से पहले भुगतान करने की बात कही। अलग-अलग चरणों में सरसों की कीमत के अलावा जीएसटी, ट्रांसपोर्ट शुल्क और अन्य खर्चों के नाम पर भी रकम मांगी गई। भरोसे में आए पीड़ित ने विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी में कुल 3.08 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी।
पूरी रकम मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया और किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं किया। इसके बाद खुद को ठगी का शिकार समझते हुए मोहन कुमार ने हसनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर साइबर अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेनदेन का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन व्यापार करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना सत्यापन के अग्रिम भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना को दें।




