समस्तीपुर : रोसड़ा थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी दामोदरपुर गांव का निवासी बताया गया है।
पीड़िता की मां द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपी उसके पति का मित्र है। रविवार शाम लगभग 7:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित मोटरसाइकिल गैरेज पर खेल रही थी। उसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा। परिवार के लोगों के अनुसार कुछ देर बाद बच्ची के जोर से रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मां बाहर निकली और कथित आपत्तिजनक स्थिति देखकर शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रोसड़ा थाना पुलिस पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की मां के बयान के आधार पर दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




