पटना : राजधानी पटना स्थित प्रेरणा आईएएस संस्थान में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान के दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की, जिन्हें समारोह में सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शिव कुमार शैव, पूर्व आईएएस अधिकारी सर्व नारायण यादव, पूर्व विधायक पवन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ प्रशासनिक दायित्व निभाने की प्रेरणा दी।
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शिव कुमार शैव ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं। अधिकारियों को सेवा के दौरान विभिन्न चुनौतियों और दबावों का सामना करना पड़ता है, लेकिन एक सच्चे अधिकारी का कर्तव्य है कि वह निष्पक्षता और ईमानदारी से कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए।
पूर्व आईएएस अधिकारी सर्व नारायण यादव ने कहा कि प्रेरणा आईएएस संस्थान लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को निःशुल्क शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराता है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इसी का परिणाम है कि यहां से हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सफल अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय संस्थान के शिक्षकों, मार्गदर्शकों और परिवार के सहयोग को दिया। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।




