पटना : जिलाधिकारी पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर राजधानी पटना में गुरुवार को भी मल्टी-एजेंसी अतिक्रमण उन्मूलन विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और सड़कों, नालों व सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त कराना है। अभियान पर जिलाधिकारी स्वयं नजर रख रहे हैं और इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है।
अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल और विद्युत विभाग सहित कई एजेंसियों के अधिकारी व कर्मी शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एसडीओ एवं एसडीपीओ को प्रभावी ढंग से अभियान चलाने तथा व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार नूतन राजधानी अंचल में सिपारा पुल से दो पुलिया तक अतिक्रमण हटाया गया, जहां 10 ठेले जब्त कर ₹27,000 जुर्माना वसूला गया। पाटलिपुत्र अंचल में अटल पथ राजीव नगर नाला और न्यू पाटलिपुत्र से अतिक्रमण हटाते हुए 1 हाईवा और 1 टिपर मलवा जब्त किया गया तथा ₹10,000 जुर्माना लगाया गया। बांकीपुर अंचल में अशोक राजपथ और खेतान मार्केट के पास से अस्थायी दुकानें व ठेले हटाए गए और ₹22,500 का जुर्माना वसूला गया।
पटना सिटी अंचल में चौक शिकारपुर नाला से चौक थाना तक अवैध दुकानें और गुमटियां हटाईं गईं, जहां ₹7,000 जुर्माना वसूला गया। अजीमाबाद, कंकड़बाग, फुलवारीशरीफ, दानापुर निजामत और खगौल में भी व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल ₹75,800 का जुर्माना वसूला गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहेगी। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आदतन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
अभियान की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जो संयुक्त रूप से क्रियाशील रहकर विशेष निगरानी करेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण व नियम उल्लंघन के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।




