समस्तीपुर शहर में 1 मार्च को बिजली उपभोक्ताओं को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। बिजली विभाग ने जानकारी दी है कि 33 केवी E-House फीडर में आवश्यक मेंटेनेंस कार्य कराए जाने के कारण संबंधित पावर सब-स्टेशन से निकलने वाली सभी 11 केवी फीडर बंद रहेंगी। यह कार्य सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक चलेगा, यानी कुल छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विभाग के अनुसार यह मेंटेनेंस कार्य उपभोक्ताओं को भविष्य में बेहतर और सुचारु विद्युत आपूर्ति देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। निर्धारित समय के दौरान महरदही, बी.आर.बी. कॉलेज क्षेत्र, तिरहुत एकेडमी, काशीपुर, पुरानी गैस गोदाम, धरमपुर चौक, ताजपुर रोड, के इंटर रोड, पटेल मैदान, अधिकारी आवास, बारह पत्थर, अधिकारी कार्यालय और विवेक विहार सहित आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी।
बिजली विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जरूरी कार्य जैसे पानी की टंकी भरना, मोबाइल-इनवर्टर चार्ज करना और अन्य आवश्यक घरेलू काम समय से पहले पूरा कर लें।
विभाग ने भरोसा दिलाया है कि कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है ताकि मेंटेनेंस कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।




