दरभंगा। बहेड़ी थाना क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार, लापरवाही और पीड़ितों के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र नाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने मंगलवार को लहेरियासराय स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के समीप निर्धारित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि बहेड़ी थाना में पीड़ितों के आवेदन जानबूझकर लंबित रखे जाते हैं, प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब किया जाता है तथा रिश्वत की मांग की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि आपराधिक छवि के लोगों को संरक्षण दिए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उनके अनुसार इन आरोपों के समर्थन में आवेदन की रिसीविंग, ऑडियो-वीडियो और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध हैं।
उन्होंने 11 जुलाई को एसडीपीओ बेनीपुर द्वारा बिना समुचित जांच के संबंधित अधिकारियों को क्लीन चिट दिए जाने पर भी सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। अनशनकारियों की प्रमुख मांगों में स्वतंत्र जांच समिति का गठन, थाना के सीसीटीवी फुटेज, आगंतुक पंजी एवं अन्य अभिलेखों की जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई तथा एसडीपीओ की भूमिका की समीक्षा शामिल है।
अनशन में सुनील राम, संतोष लाल देव, कुमुद राम, लक्ष्मण साहू, कृष्ण कुमार, विजय महतो और नवीन कुमार सहित कई पीड़ित शामिल हैं। वहीं मिथिला विकास संगठन के संस्थापक अध्यक्ष विकाश फूल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष भोला कुमार यादव सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को समर्थन दिया।
संवाददाता : मनीष कुमार




