इजराइल-ईरान तनाव से एयर इंडिया की उड़ानें रद
मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एयर इंडिया ने 1 मार्च की लंदन, पेरिस, शिकागो, टोरंटो समेत कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें एहतियातन रद कीं।

मिडिल ईस्ट में इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक हवाई सेवाओं पर साफ दिखने लगा है। सुरक्षा कारणों से एयर इंडिया ने 1 मार्च को संचालित होने वाली कई लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद कर दिया है।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह निर्णय एहतियातन लिया गया है। क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों, एयरस्पेस प्रतिबंधों और रूट डायवर्जन की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
रद की गई उड़ानों में दिल्ली–लंदन (हीथ्रो) AI161/AI162 और AI111/AI112, मुंबई–लंदन AI129/AI128, अमृतसर–लंदन (गैटविक) AI169/AI170 शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली–न्यूयॉर्क (JFK) AI101/AI102, मुंबई–न्यूयॉर्क AI119/AI116, मुंबई–नेवार्क AI191/AI144, दिल्ली–शिकागो AI127/AI126 और दिल्ली–टोरंटो AI187/AI188 तथा AI189/AI190 भी प्रभावित हुई हैं।
यूरोपीय रूट पर दिल्ली–फ्रैंकफर्ट AI205/AI206, मुंबई–फ्रैंकफर्ट AI2027/AI2028 तथा दिल्ली–पेरिस AI143/AI142 और AI147/AI148 को भी अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।
मिडिल ईस्ट के हालात बिगड़ने के बाद क्षेत्र के कई देशों ने अपने एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगाए हैं। दुबई में हालिया ड्रोन हमले के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
भारत के नागर विमानन महानिदेशालय नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने भी एयरलाइंस को 11 देशों के एयरस्पेस से बचने की सलाह जारी की है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे बिना पुष्टि के एयरपोर्ट न पहुंचें और अपनी संबंधित एयरलाइन से ताजा जानकारी प्राप्त करें।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्रीय तनाव लंबा खिंचता है, तो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की समय-सारणी पर और भी व्यापक असर पड़ सकता है। फिलहाल एयरलाइंस हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं और स्थिति सामान्य होने पर सेवाएं बहाल करने की बात कह रही हैं।




