समस्तीपुर : सदर अस्पताल, समस्तीपुर में मिडवाइफरी आईईसी (IEC) रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मिडवाइफरी सेवाओं को तकनीक आधारित बनाना, स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाना तथा मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करने तथा आईईसी रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर नियमित, सटीक और समय पर डेटा अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी और मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को डैशबोर्ड के संचालन, डेटा प्रविष्टि, रिपोर्ट तैयार करने, ऑनलाइन मॉनिटरिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। लाइव डेमो के माध्यम से डैशबोर्ड के विभिन्न मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली की बेहतर समझ विकसित हुई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि मिडवाइफरी आईईसी रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों में मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग पदाधिकारी, मिडवाइफ, एएनएम, जीएनएम सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव मिला, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।




