समस्तीपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने सत्र 2026-27 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है, जिनका किसी कारणवश पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) नहीं हो पाया था। समिति ने ऐसे छात्र-छात्राओं को 22 जुलाई 2026 तक विलंब शुल्क के साथ रजिस्ट्रेशन कराने का अंतिम अवसर दिया है।
बोर्ड के निर्देशानुसार नए पंजीयन के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित घोषणा पत्र डाउनलोड कर उस पर स्वयं, अभिभावक और विद्यालय के प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर कराने होंगे। इसके बाद हस्ताक्षरित घोषणा पत्र को बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। जिन विद्यार्थियों ने पहले आवेदन तो भर दिया था लेकिन घोषणा पत्र अपलोड नहीं किया, या शुल्क जमा करने के बाद आवेदन प्रक्रिया अधूरी छोड़ दी थी, वे भी इसी अवधि में सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर अपना आवेदन पूर्ण कर सकते हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अनुसार नियमित कोटि के विद्यार्थियों को विलंब शुल्क सहित 450 रुपये, जबकि स्वतंत्र (स्वतंत्र कोटि) परीक्षार्थियों को 580 रुपये शुल्क जमा करना होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि सभी पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक विलंब शुल्क के साथ अपना पंजीयन अवश्य करा लें।
बोर्ड ने आवेदन भरते समय विद्यार्थियों को नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो तथा अन्य व्यक्तिगत विवरण पूरी सावधानी से दर्ज करने की सलाह दी है। किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में एडमिट कार्ड, परीक्षा आवेदन या प्रमाणपत्र जारी होने के समय परेशानी का कारण बन सकती है।
विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपनी यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से बोर्ड के अधिकृत पोर्टल पर विद्यार्थियों का पंजीयन करेंगे। माध्यमिक स्तर के लिए आवेदन secondary.biharboardonline.org तथा इंटरमीडिएट स्तर के लिए intermediate.biharboardonline.com पोर्टल पर किए जाएंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों की मान्यता रद्द अथवा निलंबित है, उन्हें किसी भी प्रकार का पंजीयन आवेदन स्वीकार करने की अनुमति नहीं होगी।




