समस्तीपुर में गैस किल्लत पर भाकपा माले का जुलूस, किया प्रदर्शन
रसोई गैस की कमी से परेशान उपभोक्ताओं के समर्थन में भाकपा माले का जुलूस, गैस आपूर्ति सामान्य करने और बुकिंग व्यवस्था सुधारने की मांग।
समस्तीपुर जिले में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के खिलाफ भाकपा माले ने शुक्रवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गैस उपभोक्ताओं ने भी भाग लिया और प्रशासन से गैस की आपूर्ति सामान्य करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई दिनों से गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को शहर के सरकारी बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता और भाकपा माले कार्यकर्ता एकत्रित हुए। वहां से पार्टी के झंडे, बैनर और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के स्टेडियम गोलंबर, सर्किट हाउस, सदर अस्पताल और स्टेडियम मार्केट होते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां सांकेतिक प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता भाकपा माले के जयंत कुमार ने की। सभा को आइसा के दीपक यदुवंशी, राजू झा, इनौस के कुंदन कुमार, भाकपा माले के अनील चौधरी, उमेश राय, दीनबंधु प्रसाद, विजय कुमार राम, रामनारायण सिंह, रमेश कुमार महतो, विलबहार सहनी और पवन दास सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जिले की कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की आपूर्ति कम होने के कारण लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। इससे सबसे अधिक परेशानी गृहिणियों को हो रही है, क्योंकि रसोई का काम प्रभावित हो रहा है।
शहर के विभिन्न मोहल्लों से आए उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग कराने के कई दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए दिए गए नंबर कई बार बंद रहते हैं और बुकिंग के बाद स्वीकृति का मैसेज भी नहीं मिलता है। इस कारण लोगों को गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कई उपभोक्ताओं ने यह भी कहा कि गैस नहीं मिलने के कारण कुछ लोग बाजार से महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं कुछ परिवारों को फिर से लकड़ी या अन्य वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऊपर से सिलेंडर की आपूर्ति कम होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध होंगे, उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
सभा के अंत में जयंत कुमार ने प्रशासन से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने और जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सामान्य करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं को पहले की तरह सुगमतापूर्वक गैस सिलेंडर नहीं मिला तो भाकपा माले इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन तेज करेगा।
स्रोत: स्थानीय संवाददाता एवं आंदोलनकारी संगठनों की जानकारी।





