समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड क्षेत्र में भाकपा माले की फतेहपुर शाखा की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाखा सचिव मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने पर्यवेक्षण किया। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और उन्हें लेकर आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की किल्लत, आवास योजना में कथित घूसखोरी, मनरेगा में लूट तथा आपूर्ति और अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इन समस्याओं से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस पहल नहीं की जा रही है।
प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की बदहाल स्थिति ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। ऐसे में जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए संगठित आंदोलन की जरूरत है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। पहले चरण में गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। इसके बाद जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन और घेराव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर हसनपुर के मंगलगढ़ में करीब एक हजार पुस्तैनी बसे भूमिहीन परिवारों को उजाड़ने के खिलाफ पुनर्वास की मांग को लेकर समस्तीपुर जिलाधिकारी के समक्ष शुरू होने वाले अनिश्चितकालीन अनशन में प्रखंड से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की घोषणा की गई।
इस मौके पर पार्टी सदस्य रंजीत कुमार सिंह, सूर्यदेव सिंह, सुलेखा कुमारी, अनील कुमार सिंह समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।




