पटनाबिहारसमाचार

पटना में चौथे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 45 हजार जुर्माना

पटना में जिलाधिकारी के निर्देश पर कई अंचलों में चला विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन की सख्ती से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और हजारों रुपये जुर्माना वसूला गया।

बिहार की राजधानी पटना में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर शनिवार को चौथे दिन भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर निगम, पुलिस, ट्रैफिक विभाग, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशमन सहित कई विभागों की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की।

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को निर्देश दिया है कि अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए और इसमें व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया है, वहां पुनः कब्जा न हो इसके लिए फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहे।

जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल में जीपीओ से हिन्दुस्तान प्रेस गली होते हुए मुर्गा बाजार तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान ₹6,500 का जुर्माना वसूला गया।

इसी तरह पाटलिपुत्र अंचल में जगदेव पथ, नेहरू पथ से आशियाना दीघा मोड़, पारस हॉस्पिटल, राजाबाजार, शेखपुरा मोड़ और राजवंशी नगर हनुमान मंदिर तक अभियान चलाया गया। यहां सड़क किनारे से चाय दुकान, फल दुकान सहित कई अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा एक चार पहिया ठेला जब्त किया गया। इस अंचल में ₹11,000 का जुर्माना लगाया गया।

यह भी पढ़ें  डाइवर पलक शर्मा को मिला मध्यप्रदेश एकलव्य अवॉर्ड

अजीमाबाद अंचल में अंचल कार्यालय से शेरशाह पथ होते हुए पश्चिम दरवाजा और गुड़हट्टा मोड़ तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान एक ठेला जब्त किया गया और ₹9,800 का जुर्माना वसूला गया।

नगर परिषद फुलवारीशरीफ में थाना गोलंबर से इमारत शरिया होते हुए खानकाह मोड़ तक अतिक्रमण हटाया गया। यहां छह अवैध बैनर, ठेले और अन्य सामान हटाए गए तथा ₹13,500 का जुर्माना वसूला गया।

यह भी पढ़ें  नहीं देंगे इस्तीफा बिहार विधानसभा स्पीकर अवध बिहारी चौधरी

कंकड़बाग अंचल में न्यू बाईपास जगनपुरा रोड से जीरो माइल रोड तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाया गया, जहां ₹1,000 का जुर्माना लगाया गया। पटना सिटी अंचल में नाला रोड से स्टेशन रोड तक अभियान चलाकर ₹2,500 का जुर्माना वसूला गया।

वहीं बांकीपुर अंचल में कदमकुआं और दरियापुर क्षेत्र से अस्थायी स्टॉल, ठेले और बांस-बल्ला हटाए गए तथा एक ठेला जब्त किया गया। यहां ₹500 का जुर्माना लगाया गया। दानापुर निजामत और खगौल क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें  Bihar Diwas 2024: बिहार राज्य के गठन के बारे में सब कुछ

पूरे अभियान के दौरान विभिन्न अंचलों से कुल ₹45,300 का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।

सच के साथ खड़े हों — स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें। Gaam Ghar

Donate via UPI

UPI ID: 7903898006@sbi

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।

Abhishek Anand

Abhishek Anand, Working with Gaam Ghar News as a author. Abhishek is an all rounder, he can write articles on any beat whether it is entertainment, business, politics and sports, he can deal with it.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button