खामेनेई की मौत पर देशभर में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन, तीन दिन शोक’
दिल्ली से कश्मीर तक विरोध मार्च, शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने तीन दिन का शोक घोषित किया, कई राज्यों में कैंडल मार्च और बंद का आह्वान।

अमेरिका और इजरायल के हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद देश के कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए। उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत विभिन्न हिस्सों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर रोष जताया।
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने इस घटना पर तीन दिनों के शोक की घोषणा की है। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित शोक सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई की तस्वीरें हाथ में लेकर काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज कराया। ओखला और अन्य इलाकों में भी प्रदर्शन हुए, जबकि जोरबाग स्थित कर्बला में कैंडल मार्च निकाला गया।
ईरान सांस्कृतिक केंद्र में भी शोक सभा का आयोजन किया गया। जमात-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने घटना की निंदा की। पुराने लखनऊ में मुस्लिम समुदाय ने दुकानें बंद रखीं, वहीं कई हिंदू व्यापारियों ने भी समर्थन में अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। चौक स्थित छोटे इमामबाड़े में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।
जम्मू-कश्मीर में भी व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। धार्मिक संगठनों के मंच मुताहिदा मजलिस-ए-उलेमा ने कश्मीर बंद का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर शांति और संयम की अपील की। प्रशासन ने एहतियातन दो और तीन मार्च को शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है।
पंजाब के मालेरकोटला, लुधियाना, बिहार के शेखपुरा और झारखंड की राजधानी रांची में भी कैंडल मार्च और विरोध रैलियां आयोजित की गईं। विभिन्न समुदायों की भागीदारी ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है।




