बिहार के नालंदा जिले में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब समारोह स्थल पर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के नकटपुरा (उपरौरा) इलाके की है, जहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने हंगामा किया और गोलियां चलाईं।
कार्यक्रम की कवरेज करने पहुंचे जी मीडिया संवाददाता ऋषिकेश कुमार पर भी हमला किया गया। हमलावरों ने उनकी पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनका एंड्रॉयड मोबाइल फोन छीन लिया। घायल पत्रकार को तुरंत बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। अपर पुलिस अधीक्षक नूरुल हक ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित पत्रकार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने भी सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने दावा किया है कि फायरिंग में इस्तेमाल चार हथियार मौके से जब्त किए गए हैं। घटनास्थल को पूरी तरह घेर लिया गया है और कार्यक्रम में मौजूद लोगों की पहचान की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि कार्यक्रम में शामिल एक विशेष व्यक्ति के सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग की गई। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम बिना विधिवत अनुमति के आयोजित किया गया था और टिकट बेचकर लोगों को बुलाया गया था।
इस घटना के बाद पत्रकारों में भारी रोष है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।




