अश्लील कंटेंट पर केंद्र की सख्ती, पांच ओटीटी प्लेटफार्म ब्लॉक
नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने डिजिटल प्लेटफार्मों पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसारण के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए पांच ओटीटी प्लेटफार्मों को ब्लॉक कर दिया है। मंगलवार को जारी आदेश के तहत सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संबंधित इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को इन प्लेटफार्मों की पहुंच बंद करने का निर्देश दिया।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार जिन ओटीटी प्लेटफार्मों पर कार्रवाई की गई है, उनमें मूडएक्सवीआइपी, कोयल प्लेप्रो, डिजी मूवीप्लेक्स, फील और जुगनू शामिल हैं। इन प्लेटफार्मों पर कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट प्रसारित किया जा रहा था, जो मौजूदा कानूनों और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन माना गया।
यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 तथा अन्य अश्लीलता विरोधी प्रावधानों के तहत की गई है। सरकार का कहना है कि डिजिटल माध्यमों पर बढ़ते आपत्तिजनक कंटेंट को नियंत्रित करना आवश्यक हो गया है, ताकि सार्वजनिक शालीनता और सामाजिक मूल्यों की रक्षा की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित प्लेटफार्मों को पहले भी नियमों के अनुपालन के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन संतोषजनक सुधार नहीं होने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के तहत उसे ऑनलाइन सामग्री को ब्लॉक करने का अधिकार प्राप्त है। इस प्रावधान के अनुसार, यदि कोई डिजिटल कंटेंट राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता या नैतिकता के विरुद्ध पाया जाता है, तो केंद्र सरकार उसे प्रतिबंधित कर सकती है। इसी अधिकार का उपयोग करते हुए इन पांच ओटीटी प्लेटफार्मों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय का कहना है कि डिजिटल मीडिया के विस्तार के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। ओटीटी प्लेटफार्मों को स्वनियमन और निर्धारित आचार संहिता का पालन करना अनिवार्य है। सरकार का उद्देश्य रचनात्मक अभिव्यक्ति पर रोक लगाना नहीं, बल्कि अवैध और अशोभनीय सामग्री पर अंकुश लगाना है।
इस कार्रवाई के बाद डिजिटल उद्योग में हलचल देखी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम अन्य प्लेटफार्मों के लिए भी चेतावनी है कि वे कंटेंट प्रसारण में कानूनी और नैतिक मानकों का पालन सुनिश्चित करें। वहीं, सरकार ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




