
पटना : राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव में रविवार रात एक शादी के रिसेप्शन समारोह के दौरान दो सगे भाइयों की निर्मम ह’त्या कर दी गई। करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने सैकड़ों मेहमानों के सामने मनीष राय (25) और मंजीत राय (20) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लगभग 27-28 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी प्लेटें छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। दोनों भाई शाहपुर गांव निवासी दौलत यादव के बेटे विक्की के रिसेप्शन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह गांव के एक खेत में बने भव्य पंडाल में आयोजित था, जहां सैकड़ों लोग मौजूद थे। बताया जाता है कि भोजन करने के बाद दोनों भाई हाथ धोने जा रहे थे, तभी अपराधियों ने हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले छोटे भाई मंजीत राय को निशाना बनाया और पंडाल के भीतर ही उस पर कई गोलियां दाग दीं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने बड़े भाई मनीष राय का कॉलर पकड़कर उसे पंडाल से बाहर खींच लिया और पास के एक ट्यूबवेल के पास ले जाकर उसकी शर्ट-पैंट उतार दी। वहां उसके सीने और ऊपरी हिस्से में 5-6 गोलियां मारी गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी जगनपुरा मेन रोड की ओर फरार हो गए। घटनास्थल से 7.65 एमएम पिस्टल के एक दर्जन से अधिक खोखे बरामद किए गए हैं।
घायल दोनों भाइयों को ग्रामीण पहले संपतकचक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें एनएमसीएच रेफर किया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृ’त घोषित कर दिया। शादी का जश्न देखते ही देखते मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को करोड़ों रुपये की पुश्तैनी जमीन के विवाद की जानकारी मिली है। मृ’तकों के पिता राजू राय उर्फ राजकिशोर राय का अपने चचेरे भाई कृष्णा राय से छह बीघा जमीन को लेकर करीब 40 वर्षों से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि हाल ही में अदालत ने इस मामले में राजू राय के पक्ष में फैसला सुनाया था। आरोप है कि इसी रंजिश में कृष्णा राय के बेटों और उनके सहयोगियों ने वारदात को अंजाम दिया।
राजू राय ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पहले से ही जान का खतरा था और उन्होंने सुरक्षा की मांग भी की थी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार, एएसपी सदर अभिनव समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।




