समस्तीपुर जिले के सरायरंजन बाजार में दिनदहाड़े बाइक की डिग्गी से 39 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित विनोद कुमार झा ने इस संबंध में सरायरंजन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार झा मंगलवार दोपहर सरायरंजन स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 39 हजार रुपये निकाले थे। बैंक से पैसे निकालने के बाद वे पास की एक दवा दुकान पर दवा खरीदने चले गए। इस दौरान उन्होंने अपनी बाइक बाहर खड़ी कर दी और पैसे बाइक की डिग्गी में रख दिए।
इसी बीच पहले से घात लगाए दो अज्ञात बदमाशों ने मौके का फायदा उठाया और बाइक की डिग्गी खोलकर उसमें रखे 39 हजार रुपये और बैंक की चेकबुक निकाल ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जब विनोद कुमार झा वापस लौटे तो डिग्गी खुली देख उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में कांड संख्या दर्ज कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर वाहन में नकदी या कीमती सामान रखने से बचें और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




