समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवधा गांव से चोरी हुई अष्टधातु की तीन भगवान की मूर्तियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है, जबकि एक अन्य मूर्ति की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान काले नरपत निवासी अभिषेक कुमार सिंह उर्फ सिंटू सिंह तथा देवधा निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभिषेक के विरुद्ध पूर्व में मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जबकि राजीव पर एससी-एसटी एक्ट से संबंधित एक मामला दर्ज रहा है।
घटना के खुलासे को लेकर रोसड़ा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय आसूचना के आधार पर एक महीने के भीतर पुलिस ने मामले का सफल उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन बड़ी अष्टधातु मूर्तियां बरामद कीं। इसके अलावा मोबाइल फोन और घटना के दौरान प्रयुक्त एक जोड़ी जूता भी जब्त किया गया है।
रविवार की देर शाम एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोरी के दौरान कुल चार मूर्तियां ले जाई गई थीं, जिनमें से तीन बरामद हो चुकी हैं। चौथी मूर्ति की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
पुलिस अब इस मामले में अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है। आशंका है कि मूर्तियों की तस्करी के लिए किसी बड़े गिरोह से संपर्क स्थापित किया गया था। जब्त मोबाइल की कॉल डिटेल और डिजिटल डेटा की जांच कर संभावित नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
छापेमारी टीम में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा, हसनपुर थानाध्यक्ष अकमल खुर्शीद, डीआईयू के पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का दावा है कि शेष अभियुक्तों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और गायब मूर्ति भी बरामद कर ली जाएगी।




