‘स्टाफ को मार देंगे…बिश्नोई गैंग की धमकी से रणवीर-रोहित, जांच तेज हुई
‘स्टाफ को मार देंगे…’ रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को बिश्नोई गैंग की धमकी, जांच तेज
मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अभिनेता रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को नई धमकी दी है। गैंग की ओर से जारी एक ऑडियो मैसेज में दोनों से कथित रूप से रंगदारी की मांग करते हुए उनके कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले को गंभीर मानते हुए मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जांच तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैरी बॉक्सर नामक व्यक्ति ने एक व्हाट्सएप वॉइस नोट जारी किया है। इस ऑडियो में रणवीर सिंह से एक करोड़ रुपये की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो उनके पूरे स्टाफ को निशाना बनाया जाएगा। वॉइस नोट की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि आवाज की पुष्टि की जा सके।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुरुआती जांच में दावा किया है कि वॉइस नोट में सुनाई दे रही आवाज हैरी बॉक्सर की हो सकती है, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया जाता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा संदेश रणवीर सिंह के मैनेजर के मोबाइल नंबर पर भेजा गया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने रणवीर के मैनेजर का बयान दर्ज किया। रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं, ऐसे में इस नई धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। एहतियात के तौर पर रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि धमकी भेजने के लिए वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था। ट्रेस की गई लोकेशन किसी दूसरे देश की ओर संकेत कर रही है। सोर्स का पता लगाने के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमकी भेजे जाने के समय कौन सा वीपीएन नेटवर्क सक्रिय था और उसका वास्तविक स्रोत क्या है।
इसी क्रम में क्राइम ब्रांच ने अन्य कलाकारों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की है। अभिनेता आयुष शर्मा के मैनेजर का बयान भी दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद औपचारिक एफआईआर दर्ज की जाएगी।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी व अंतरराष्ट्रीय सहयोग का सहारा लिया जा रहा है।




