समस्तीपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी चौर में दर्जीनिया पुल के पास रविवार को हुई प्रॉपर्टी डीलर गणेश सहनी की सनसनीखेज ह’त्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें मौ’त के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृ’तक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी पलटन सहनी के 32 वर्षीय पुत्र गणेश सहनी के रूप में हुई है। गणेश न सिर्फ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था, बल्कि निजी विद्यालय और कोचिंग संस्थान में शिक्षक भी था। साथ ही वह वकालत की प्रैक्टिस भी करता था। रविवार दोपहर वह हरपुर भिंडी में अपने कोचिंग संस्थान से मीटिंग कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दर्जीनिया पुल के पास तीन बाइक पर सवार करीब छह बदमाशों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक गोलियां उसके शरीर में उतार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौ’त हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
इधर ह’त्या की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने श’व को घटनास्थल से उठाकर एनएच-28 पर गांधी चौक के पास रख दिया और सड़क जाम कर दिया। इससे समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर–पटना मार्ग पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। परिजन और ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा देने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने श’व को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ह’त्या के पीछे जमीन विवाद और आपसी रंजिश का एंगल हो सकता है। ग्रामीणों के मुताबिक गणेश सहनी का तीन-चार दिन पहले किसी व्यक्ति से जमकर विवाद हुआ था, जिसको लेकर पंचायत भी बैठी थी। माना जा रहा है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह ह’त्या की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने करीब एक दर्जन खोखे, खून के नमूने और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए हैं। साथ ही ई-साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है। मौके से कई खोखे बरामद हुए हैं और एफएसएल टीम द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मृ’तक का कुछ दिनों पहले अपने ही सर्किल में किसी से विवाद हुआ था, उस एंगल पर भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल ताजपुर और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। हत्या के बाद से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके।





