मिथिला महोत्सव 2026 एवं बिहार दिवस 2026 के आयोजन को लेकर मधुबनी जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को खेल भवन, मधुबनी में एक भव्य स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए स्कूली बच्चों एवं युवा-नवोदित कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा ने जानकारी दी कि मिथिला महोत्सव का आयोजन 20 और 21 मार्च 2026 को किया जाएगा, जबकि बिहार दिवस 22 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। ये सभी कार्यक्रम वॉटसन उच्च विद्यालय, मधुबनी में आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देशानुसार तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस आयोजन की खास बात यह होगी कि यहां स्थानीय खान-पान, पारंपरिक व्यंजन और मिथिला की समृद्ध कला-संस्कृति पर आधारित स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे न केवल लोगों को स्थानीय परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय कलाकारों और कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
स्क्रीनिंग कार्यक्रम में जिले के कई प्रमुख विद्यालयों—आईपीएस, पोल स्टार, रिजनल सेकेंड्री, उच्च विद्यालय बेलाही, बलहा, राजनगर, वॉटसन और शिवगंगा—के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. अभिषेक कुमार, श्री उमेश कुमार, मधु कुमारी, डॉ. शिवनारायण मिश्र एवं प्रेरणा कुमारी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मधुबनी जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मंच और मार्गदर्शन की है।
दिन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जो जिले के सांस्कृतिक विकास के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन आयोजनों में भाग लें और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करें, ताकि मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को और मजबूती मिल सके।




