समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर भुसकौल चौक के समीप शुक्रवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना हरपुर भुसकौल चौक से दुबहा जाने वाली सड़क पर हुई, जहां प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब पांच बदमाश दोपहिया वाहन पर सवार होकर पहुंचे और फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
स्थानीय दुकानदार चंदन कुमार ने बताया कि बदमाश पहले उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दुकान के सामने हवा में फायरिंग करते हुए दुबहा की ओर बढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल के पास पहुंचने के बाद बदमाशों ने दोबारा दो राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का मानना है कि बदमाशों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की।
पूसा थाना अध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अब तक घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




