अपराधबिहारसमस्तीपुरसमाचार

चकोटी मठ चोरीकांड का खुलासा, छह प्राचीन मूर्तियां बरामद

समस्तीपुर के चकोटी मठ चोरीकांड में छह प्राचीन मूर्तियां बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार, कई मंदिर चोरी का खुलासा।

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ में हुई बहुचर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मंदिर से चोरी की गई छह प्राचीन मूर्तियां, दानपात्र की नकदी और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदकिशोर महतो, छोटू कुमार और गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि 12 जुलाई की रात चोरों ने चकोटी मठ के गर्भगृह का ताला तोड़कर भगवान श्रीरामलला, भगवान श्रीराम, माता जानकी, श्रीलक्ष्मण, लड्डू गोपाल और श्रीहनुमान की प्राचीन मूर्तियां चोरी कर ली थीं। इसके साथ ही दानपात्र में रखी नकदी भी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने समस्तीपुर और दरभंगा के कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर विभिन्न मंदिरों से चोरी की गई पीतल की घंटियां, पूजा सामग्री और अन्य धार्मिक सामान भी बरामद किया गया है।

यह भी पढ़ें  नेपाल यात्रियों को बड़ी राहत, पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी तक बस सेवा शुरू

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान और कम सुरक्षा वाले मंदिरों को निशाना बनाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े अंतरजिला या अंतरराज्यीय मूर्ति तस्कर गिरोह से तो नहीं है।

यह भी पढ़ें  "दिवाली-छठ पर खुशखबरी: नागपुर-समस्तीपुर के बीच विशेष ट्रेन शुरू"

Abhishek Anand

Abhishek Anand, Working with Gaam Ghar News as a author. Abhishek is an all rounder, he can write articles on any beat whether it is entertainment, business, politics and sports, he can deal with it.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button