मौसमसमाचार

बिहार में मानसून सक्रिय, छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी के असर से तेज बारिश, आंधी और मेघगर्जन की चेतावनी, छह जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह।

पटना : उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उत्तर बिहार के कई इलाकों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जबकि दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बुधवार को राजधानी पटना सहित आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि बीच-बीच में धूप निकलने से उमस से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है। विभाग ने अररिया, किशनगंज, कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बारिश और तेज हवा के कारण मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिम चंपारण के चनपटिया में सबसे अधिक 141.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में 104 मिमी, पूर्वी चंपारण के वनकटवा में 102.4 मिमी, मधेपुरा के आलमनगर में 92.2 मिमी, मधुबनी के बासोपट्टी में 92 मिमी तथा झंझारपुर में 85.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भागलपुर के कोलगांव, वैशाली के लालगंज, कटिहार के मनिहारी, सारण, खगड़िया और पूर्वी चंपारण के कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई।

यह भी पढ़ें  दरभंगा में विधायक मैथिली ठाकुर की मां के गहने चोरी

मंगलवार को मुजफ्फरपुर, जहानाबाद और औरंगाबाद को छोड़ अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भभुआ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मोतिहारी में 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली।

यह भी पढ़ें  शिवाजीनगर में पैक्स चुनाव के लिए 53 बूथ बनाए गए, नामांकन प्रक्रिया शुरू

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Abhishek Anand

Abhishek Anand, Working with Gaam Ghar News as a author. Abhishek is an all rounder, he can write articles on any beat whether it is entertainment, business, politics and sports, he can deal with it.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button