पटना : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केसरी नगर स्थित श्री विजय राघव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर धर्म-कर्म और मंदिर गतिविधियों में सक्रिय योगदान के लिए आचार्य राकेश झा को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंदिर के पुजारी पंडित संजय तिवारी ने बताया कि आचार्य राकेश झा लंबे समय से मंदिर के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, पूजा-अनुष्ठान और शोभायात्राओं में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। साथ ही मंदिर से जुड़ी खबरों की कवरेज, प्रकाशन और प्रसारण में भी उनका सराहनीय सहयोग रहता है। उनके प्रयासों से मंदिर के आयोजनों को व्यापक पहचान मिली है और अधिक से अधिक श्रद्धालु इससे जुड़ पाए हैं।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्य राकेश झा के योगदान की प्रशंसा की। मंदिर समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी प्रेरणादायक है। महाशिवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर उन्हें सम्मानित करना पूरे मंदिर परिवार के लिए गौरव की बात है।
इस मौके पर वार्ड पार्षद अमर कुमार टूटू, गोपाल जी, मीरा देवी, कामिनी कुमारी, गजाधर झा सहित दर्जनों लोगों ने आचार्य राकेश झा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




