उजियारपुर, समस्तीपुर : उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना करीब एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है, लेकिन डर और दबाव के कारण महिला ने देर से आवेदन दिया।
पीड़िता के अनुसार, वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी, तभी गांव का ही युवक कन्हैया महतो, पिता रामप्रीत महतो, बुरी नीयत से पीछे से आकर उसे पकड़ लिया। महिला ने जब शोर मचाया तो उसकी आवाज सुनकर उसका पति मौके पर पहुंचा और किसी तरह उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। पति ने आरोपी कन्हैया को पकड़कर अपने घर ले आया।
इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। आरोप है कि कन्हैया के पिता रामप्रीत महतो, छोटू कुमार, विजय महतो, मोदी कुमार और दीवान कुमार पीड़िता के घर पहुंचे और उसके पति के साथ मारपीट करने लगे। लात-घूंसे से पति को बुरी तरह पीटा गया। महिला जब बीच-बचाव करने पहुंची तो उसे भी धक्का-मुक्की और चोटें आईं।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि वह गर्भवती है और मारपीट के दौरान उसके पेट में गंभीर चोट लगी, जिससे उसे तेज दर्द होने लगा। डॉक्टरों ने जांच के बाद आशंका जताई है कि गर्भपात का खतरा हो सकता है। इस घटना के बाद से महिला और उसका परिवार मानसिक रूप से काफी डरा हुआ है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। इसी डर के कारण वह कुछ दिन तक चुप रही, लेकिन बाद में साहस जुटाकर उजियारपुर थाना में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
उजियारपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस टीम लगातार इलाके में नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।




