पटना : खेल विभाग, बिहार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा गुरुवार को एकदिवसीय जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, मंच और आगे बढ़ने का अवसर देना था।
इस प्रतियोगिता में पटना जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थानों से आए लगभग 150 दिव्यांग खिलाड़ी एवं उनके प्रशिक्षक/स्काउट्स ने भाग लिया। खिलाड़ियों को मानसिक दिव्यांग, शारीरिक दिव्यांग, मूकबधिर तथा ड्वार्फ श्रेणियों में विभाजित कर विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इनमें दौड़, थ्रो, जंप और अन्य खेल गतिविधियाँ शामिल रहीं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि खेल न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक मजबूती भी प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं, चिकित्सा सहायता और तकनीकी सहयोग की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे वे सुरक्षित और सहज वातावरण में अपना प्रदर्शन कर सकें।
जिला खेल पदाधिकारी पटना, श्री ओम प्रकाश ने बताया कि इस चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर पटना जिला टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी पटना प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।




