समस्तीपुर : फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में विरोध तेज हो गया है। बुधवार को यादव एकता मंच के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग ऐतिहासिक तरुनिया मैदान में जुटे और विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मैदान से कल्याणपुर महावीर चौक तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और फिल्म पर रोक लगाने की मांग की।
मार्च के दौरान “जय यादव, जय माधव” और “बहन-बेटियों का अपमान नहीं सहेगा यादव समाज” जैसे नारे लगाए गए। सभा की अध्यक्षता दुर्गा प्रसाद यादव ने की। सभा को संबोधित करते हुए यादव एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष व छात्र नेता नीलकमल यादव ने कहा कि यह फिल्म दो समाजों के बीच विभाजन पैदा कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म के माध्यम से यादव समाज को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
नीलकमल यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो मंच की ओर से व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फिल्म की सामग्री की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, फिल्म निर्माता और संबंधित कलाकारों पर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की बहन-बेटियों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने भावनात्मक उदाहरण देते हुए कहा कि यदि सामाजिक सम्मान पर आंच आई तो समाज चुप नहीं बैठेगा। मंच के नेताओं ने फिल्म का नाम बदलने या उसे प्रतिबंधित करने की मांग दोहराई।
कार्यक्रम में यादव एकता मंच के सहसचिव दुर्गा प्रसाद यादव, मीडिया प्रभारी राहुल कुमार, उपाध्यक्ष सचिन कुमार, उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार, सह सचिव सिकंदर राय, सह सचिव सुनील कुमार, सहसंयोजक विजय कुमार, राहुल दास, अशोक महतो, अनिल कुमार, राम नंदू कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि स्थानीय सूत्रों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल, फिल्म को लेकर क्षेत्र में माहौल गर्म है और प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
विडियो देखें…





