
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में शुक्रवार को उस समय हलचल मच गई, जब जमुई पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक विवाहिता को उसके कथित प्रेमी के घर से बरामद किया। यह कार्रवाई जमुई जिले में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की गई।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि विवाहिता को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जमुई पुलिस अपने साथ ले गई है। उसे संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां आगे की कार्रवाई होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाहिता जब अविवाहित थी, तब वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। बाद में परिजनों ने उसकी शादी जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के एक गांव में कर दी। बताया जाता है कि शादी के बाद कुछ समय तक वह ससुराल में रही, लेकिन बाद में वहां से निकलकर फिर अपने पूर्व प्रेमी के पास पहुंच गई।
इस घटना को लेकर विवाहिता के परिजनों ने चरकापत्थर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विवाहिता विभूतिपुर में अपने प्रेमी के घर पर रह रही है। सूचना के आधार पर जमुई पुलिस की टीम ने विभूतिपुर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की और उसे बरामद कर लिया।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार ही सभी कदम उठाए जाएंगे।




